07:03 AM, 03-Jun-2020
अचानक हवा की रफ्तार बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार सांताक्रूज़ (मुंबई) में अचानक हवाओं की गति बढ़ गई। यहां 22 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
06:58 AM, 03-Jun-2020
प्रशासन समेत एनडीआरएफ मुस्तैद
तूफान को देखते हुए महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 20 टीमों को तैनात किया गया है। जिसमें मुंबई में 8 टीमें, रायगढ़ में 5 , पालघर में 2 टीमें, ठाणे में 2 टीमें, रत्नागिरी – 2 टीमें और सिंधुदुर्ग में 1 टीम तैनात की गई है।
06:53 AM, 03-Jun-2020
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात निसर्ग 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तरी महाराष्ट्र तट की ओर आ रहा है। यह अलीबाग से लगभग 200 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और मुंबई से 250 किमी दक्षिण-पश्चिम में है।
04:19 AM, 03-Jun-2020
15 दिन में दूसरा तूफान, 129 साल बाद आज मुंबई से टकरा सकता है चक्रवात
चक्रवाती तूफान निसर्ग ने अपना रुख मुंबई की तरफ कर लिया है और अब यह तेजी से बढ़ा चला आ रहा है। ऐसे में अब इसका असर महाराष्ट्र के कई जिलों में दिखना शुरू हो गया है। यहां मुंबई, पालघर, अलीबाग और ठाणे में देर रात से बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान ‘निसर्ग’ सुबह मुंबई से 94 किलोमीटर दूर अलीबाग के तट से आज टकराएगा। बड़े पैमाने पर तबाही की आशंका को देखते हुए सरकार और प्रशासन की तरफ से तैयारियों को बढ़ा दिया गया है। महाराष्ट्र, गुजरात, केंद्र शासित दमन-दीयू, दादरा और नगर हवेली में लोगों की सुरक्षा के लिए तगड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के रायगढ़ और पालघर में पड़ने वाले न्यूक्लियर और केमिकल संयंत्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। बता दें कि इसे रास्ते से यह तूफान आगे बढ़ेगा।
कोरोना महामारी से लड़ रहा देश 15 दिन में दूसरी बार भयावह तूफान का सामना कर रहा है। इसकी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तूफान से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने ट्वीट कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। दूसरी ओर, महाराष्ट्र और गुजरात में एनडीआरएफ की 33 टीमें तैनात की गई हैं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा, अरब सागर से उठे निसर्ग की रफ्तार आखिरी 12 घंटों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। बुधवार को यह मुंबई से करीब 110 किलोमीटर दूर तट से टकराएगा। इस दौरान मुंबई में मूसलधार बारिश के साथ समुद्र में दो मीटर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी गई है। इससे निचले इलाके में बाढ़ की आशंका है। इसे देखते हुए एनडीआरएफ के साथ ही नौसेना, तटरक्षक बल समेत तमाम एजेंसियों को मुस्तैद किया गया है।
मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठे अम्फान ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्लादेश में तबाही मचाई थी। हालंकि, निसर्ग को अम्फान से कम खतरनाक बताया जा रहा है।
129 साल बाद मुंबई तट पर चक्रवात
129 साल बाद मुंबई के समुद्री तट पर चक्रवात आ रहा है। मौसम विभाग के साइक्लोन ई-एटलस के अनुसार 1891 में समुद्री तूफान आया था। उसके बाद पहली बार अरब सागर में महाराष्ट्र के तटीय इलाके के आसपास समुद्री तूफान की स्थिति बनी है।